Sunday, May 3, 2026
Home Breaking CM साय ने बच्चों संग थामा बल्ला, बोले- गांव की प्रतिभा को...

CM साय ने बच्चों संग थामा बल्ला, बोले- गांव की प्रतिभा को मिले पूरे संसाधन

12
Oplus_16908288

The Duniyadari: रायपुर- जशपुर जिले के दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का शनिवार को ग्राम भैंसामुड़ा में एक अलग ही अंदाज नजर आया। शासकीय प्राथमिक शाला चंदागढ़ के औचक निरीक्षण के दौरान स्कूल मैदान में क्रिकेट खेल रहे बच्चों को देखकर सीएम खुद को रोक नहीं पाए। वे प्रोटोकॉल तोड़कर सीधे मैदान में पहुंचे और बच्चों के साथ बल्लेबाजी करने लगे। मुख्यमंत्री को अचानक अपने बीच पाकर बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

सीएम साय ने बच्चों से बेहद सहजता से बात की। उन्होंने पूछा कि रोज कितना पढ़ते हो, कौन-सा खेल पसंद है और मैदान में कितनी देर खेलते हो। स्थानीय खिलाड़ी प्रकाश ठाकुर से भी उन्होंने गांव में खेल के माहौल और सुविधाओं की कमी पर चर्चा की। बच्चों ने बताया कि किट और स्पोर्ट्स ड्रेस न होने से दिक्कत होती है।

बच्चों का जुनून देख मुख्यमंत्री ने तुरंत कलेक्टर को आदेश दिया कि स्कूल के हर बच्चे के लिए क्रिकेट किट और स्पोर्ट्स ड्रेस का इंतजाम किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों के बच्चों में टैलेंट की कमी नहीं है, बस उन्हें सही मंच और सुविधाएं चाहिए। खेल और पढ़ाई दोनों साथ चलें, यही सरकार की मंशा है।

मौके पर मौजूद सरपंच रोशन प्रताप सिंह से सीएम ने गांव में चल रहे विकास कार्यों, सड़क, पानी और स्कूल की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बुनियादी जरूरतों के साथ खेल मैदान और शिक्षा पर विशेष फोकस रखा जाए।

मुख्यमंत्री का यह दौरा महज निरीक्षण नहीं था। बच्चों के साथ बिताए पलों ने पूरे गांव में नई ऊर्जा भर दी। ग्रामीणों ने कहा कि जब मुखिया खुद जमीन पर उतरकर बच्चों का हौसला बढ़ाता है तो भरोसा और बढ़ जाता है।