Thursday, May 7, 2026
Home Breaking ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली वर्षगांठ: CM विष्णुदेव साय ने X पर लगाया...

‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली वर्षगांठ: CM विष्णुदेव साय ने X पर लगाया ऑपरेशन का लोगो, भारतीय सेना ने कहा- न्याय मिल गया

9

The Duniyadari : Raipur– मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी DP बदलकर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का लोगो लगाया है। आज भारत ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली वर्षगांठ मना रहा है।

पिछले साल 6-7 मई को भारतीय सेना ने पाकिस्तान-अधिकृत कश्मीर और पाकिस्तान में मौजूद आतंकी ठिकानों पर यह निर्णायक कार्रवाई की थी। यह ऑपरेशन 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में किया गया था। उस हमले में पाकिस्तान समर्थित आतंकियों ने धर्म पूछकर 26 निर्दोष लोगों की हत्या कर दी थी। लश्कर से जुड़े ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ ने हमले की जिम्मेदारी ली थी।

पहली वर्षगांठ पर भारतीय सेना ने X पर लिखा, “भारत की प्रतिक्रिया दृढ़, नपी-तुली और सटीक थी। हम अपनी संप्रभुता और लोगों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं। न्याय मिल गया है। जय हिंद।” सेना ने एक वीडियो भी शेयर किया जिसमें पहलगाम हमले से लेकर ऑपरेशन सिंदूर तक का घटनाक्रम दिखाया गया। वीडियो में PM मोदी की चेतावनी भी शामिल है, “भारत हर आतंकवादी और उसके मददगारों की पहचान करेगा, पता लगाएगा और दंडित करेगा।”

PM का दूसरा बयान भी वीडियो में है: “आतंक और बातचीत एक साथ नहीं चल सकते। आतंक और व्यापार साथ-साथ नहीं हो सकते। पानी और खून एक साथ नहीं बह सकते।”

रक्षा स्टाफ मुख्यालय ने भी X पर पोस्ट कर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को ‘राष्ट्रीय संकल्प का प्रतीक’ बताया। गौरतलब है कि पहलगाम हमले में आतंकियों ने पर्यटकों से कलमा पढ़वाकर गैर-मुसलमानों की पहचान की थी। मृतकों में 25 पर्यटक और एक स्थानीय टट्टू-चालक शामिल था।

‘ऑपरेशन सिंदूर’ में सेना ने सैन्य और गैर-सैन्य दोनों उपाय अपनाकर पाकिस्तान में छिपे कई आतंकियों को ढेर किया था।