The Duniyadari: कोरबा– कोयला जगत से दुखद खबर सामने आई है। SECL गेवरा क्षेत्र के पूर्व महाप्रबंधक और हाल ही में निदेशक तकनीकी पद पर पदोन्नत हुए अरुण कुमार त्यागी का गुरुवार देर रात सड़क हादसे में निधन हो गया। नई जिम्मेदारी संभालने जा रहे त्यागी की असामयिक मौत से पूरे कोयलांचल में शोक की लहर है।
जानकारी के मुताबिक श्री त्यागी नई पदस्थापना जॉइन करने सिंगरौली एनसीएल रवाना हुए थे। गुरुवार रात करीब 12 बजे चोटिया मार्ग पर उनकी इनोवा कार की एक पार्सल वाहन से आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और त्यागी गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की मदद से उन्हें फौरन बिलासपुर के अपोलो अस्पताल ले जाया गया। लेकिन शुक्रवार तड़के लगभग 3 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
*गेवरा माइन्स को दिलाई थी नई पहचान*
अरुण कुमार त्यागी एक कुशल प्रशासक और सरल स्वभाव के अधिकारी थे। उनके नेतृत्व में एशिया की सबसे बड़ी कोयला खदान गेवरा माइन्स ने उत्पादन के कई रिकॉर्ड बनाए। वे कर्मचारियों और श्रमिकों के बीच बेहद लोकप्रिय थे।
गेवरा क्षेत्र के महाप्रबंधक संजय मिश्रा ने कहा, “यह SECL परिवार के लिए काला दिन है। हमने एक बेहतरीन तकनीकी विशेषज्ञ और मार्गदर्शक खो दिया।”
*कोयला क्षेत्रों में पसरा सन्नाटा*
हादसे की खबर मिलते ही गेवरा, दीपका और कोरबा के कोयला क्षेत्रों में सन्नाटा छा गया। शुक्रवार सुबह से ही अस्पताल में अधिकारियों, कर्मचारियों और परिचितों की भीड़ जुटी रही। हर कोई नम आंखों से उन्हें याद कर रहा था।















