The Duniyadari: रायपुर/कोलकाता– पश्चिम बंगाल की सियासत में बड़ा बदलाव हुआ है। भाजपा के वरिष्ठ नेता सुवेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। वे शनिवार सुबह 10 बजे कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह समेत NDA के कई दिग्गज नेता शामिल होंगे।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुवेंदु अधिकारी को बधाई दी है। एक्स पर पोस्ट कर सीएम साय ने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल अब तुष्टीकरण, भय और अराजकता की राजनीति से निकलकर सुशासन, विकास और जनकल्याण की दिशा में आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि सुवेंदु का राजनीतिक अनुभव और जनसेवा का समर्पण बंगाल को प्रगति के नए शिखर पर ले जाएगा।
कोलकाता के कन्वेंशन सेंटर में हुई विधायक दल की बैठक में सुवेंदु के नाम पर मुहर लगी। बैठक के बाद अमित शाह ने उनके नाम का ऐलान किया। शाह ने कहा कि 1950 में श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार को लेकर जो यात्रा शुरू हुई थी, आज उनकी ही पार्टी की सरकार बंगाल में बन रही है।
शाह ने ममता सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके शासन में अपराधी राजनेता बन गए, जिससे विकास रुक गया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कुछ ही महीनों में ये सब खत्म हो जाएगा। शाह ने दोहराया कि भाजपा का वादा है कि बंगाल ही नहीं, पूरे देश से एक-एक घुसपैठिए को चुन-चुनकर निकाला जाएगा। यह ध्रुवीकरण नहीं, देश की सुरक्षा का मुद्दा है।
उन्होंने यह भी बताया कि बंकीम चंद्र चटर्जी के परिवार से सुनित्रा चटोपाध्याय भाजपा से जुड़ी हैं। शाह ने कहा कि वंदे मातरम के 150वें साल में बंकीम बाबू की धरती पर सरकार बनाने का मौका मिलना गर्व की बात है।















