The Duniyadari: खरसिया- थाना क्षेत्र के सोनबरसा मोड़ के पास गुरुवार शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने पल्सर बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद रायगढ़ रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम बसनाझर निवासी लवकुमार श्रीवास अपने साथी गुलशन राठिया और संजू राठिया के साथ 6 मई को काम से खरसिया आए थे। दोपहर करीब 1 बजे तीनों पल्सर बाइक से निकले थे। शाम करीब 5:30 बजे जैसे ही वे सोनबरसा मोड़ पहुंचे, सामने से आ रही अर्टिगा कार ने लापरवाही से चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक उछलकर सड़क पर गिर पड़े। सिर, हाथ-पैर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद घायल गुलशन राठिया के मोबाइल से परिजनों को सूचना दी गई। परिवार मौके पर पहुंचा तो घायलों की हालत देखकर सन्न रह गया।
सूचना पर डायल 112 की टीम पहुंची और तीनों को खरसिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखकर रायगढ़ रेफर कर दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन और चालक की तलाश की जा रही है।















