Monday, May 11, 2026
Home Breaking छत्तीसगढ़ पुलिस में जल्द होगी बड़ी सर्जरी: SP से ADG रैंक तक...

छत्तीसगढ़ पुलिस में जल्द होगी बड़ी सर्जरी: SP से ADG रैंक तक बदले जाएंगे अफसर

14

The Duniyadari: रायपुर–  पांच महीने पहले प्रशासनिक फेरबदल के बाद अब छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में भी बड़े स्तर पर तबादलों की तैयारी है। राज्य सरकार जल्द पुलिस महकमे में व्यापक प्रशासनिक सर्जरी कर सकती है। इस बार SP से लेकर IG, DIG और ADG स्तर के अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली जाएंगी। पुलिस मुख्यालय के सूत्रों का कहना है कि कई वरिष्ठ अफसर फिलहाल बिना प्रभार के हैं। नई सूची में उन्हें नई पोस्टिंग दी जा सकती है।

सूत्रों के मुताबिक यह फेरबदल रायपुर में लागू पुलिस कमिश्नरी प्रणाली से अलग रहेगा। रायपुर कमिश्नरी में पहले ही अफसरों-कर्मचारियों के तबादले हो चुके हैं। इसलिए इस बार फोकस बाकी 33 जिलों पर रहेगा। मुख्यालय की शाखाओं, सशस्त्र बल और जिला पुलिस इकाइयों में नए अधिकारियों को तैनात करने की तैयारी है। शासन का मकसद पुलिसिंग को और चुस्त-दुरुस्त और प्रभावी बनाना है।

गौरतलब है कि इस साल जनवरी में पुलिस विभाग में बड़ा बदलाव हुआ था। तब संजीव शुक्ला को रायपुर का पहला पुलिस कमिश्नर बनाया गया था। साथ ही 15 IPS अफसरों के तबादले किए गए थे। अब पांच महीने बाद फिर नई पदस्थापना सूची आने के संकेत हैं। इसे सरकार की कानून-व्यवस्था मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।

नई सूची किसी भी दिन जारी हो सकती है।