Sunday, May 17, 2026
Home Breaking कोरबा में लापरवाही का खतरनाक खेल, रस्सी गले में फंसने से बाइक...

कोरबा में लापरवाही का खतरनाक खेल, रस्सी गले में फंसने से बाइक सवार सड़क पर घिसटा

13

The Duniyadari: KORBA शहर में माल उतारने के दौरान बरती गई लापरवाही एक व्यक्ति की जान पर भारी पड़ते-पड़ते बची। सड़क किनारे खड़े मालवाहक वाहन से रस्सी खोलते समय अचानक रस्सी बाइक सवार के गले में फंस गई, जिससे वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा और कई मीटर तक घिसटता चला गया। हादसे के बाद विरोध करने पर पीड़ित के साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप है।

घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में प्रेमचंद अर्जुन दास दुकान के पास की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक संजय नगर सीतामणी निवासी 52 वर्षीय राजू साहू सामान लेकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पास में खड़े मालवाहक वाहन से सामान उतारा जा रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन से बंधी रस्सी को चालक और हमाल तेजी से घुमाकर खोल रहे थे। तभी रस्सी अचानक उछलकर बाइक सवार के गले में जा फंसी। इससे संतुलन बिगड़ने पर राजू साहू सड़क पर गिर पड़े और वाहन की दिशा में कुछ दूरी तक घिसटते चले गए। हादसे में उन्हें गंभीर अंदरूनी चोटें आईं।

पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद जब उन्होंने विरोध जताया तो वाहन चालक मनोज चंद्रा उर्फ महेंद्र चंद्रा और हमाल समीर चौहान ने उनसे अभद्रता शुरू कर दी। दोनों ने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए धमकी दी और फिर मारपीट भी की।

स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। घायल राजू साहू ने कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने पीड़ित का मेडिकल परीक्षण भी कराया है।