Monday, May 18, 2026
Home Breaking रेत माफियाओं पर प्रशासन का शिकंजा या सिर्फ दिखावा? जब्त रेत फिर...

रेत माफियाओं पर प्रशासन का शिकंजा या सिर्फ दिखावा? जब्त रेत फिर नदी में बहाई, अब गौमाता चौक की डंप रेत चर्चा में

9

The Duniyadari: कोरबा – जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन पर कार्रवाई को लेकर प्रशासन एक बार फिर सवालों के घेरे में है। हाल ही में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से संग्रहित रेत को जब्त किया था। हैरानी की बात यह रही कि कार्रवाई के बाद जब्त रेत को नदी में ही वापस डलवा दिया गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

अब शहर के गौमाता चौक के पास भारी मात्रा में डंप की गई रेत चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से यहां रेत का अवैध भंडारण किया गया है, लेकिन जिम्मेदार विभाग कार्रवाई के नाम पर केवल खानापूर्ति कर रहा है। लोगों का कहना है कि प्रशासन की कार्रवाई का “मुहूर्त” शायद अभी तक नहीं निकला है, इसलिए खुलेआम डंप रेत पर कोई सख्त कदम नहीं उठाया जा रहा।

सूत्रों के मुताबिक, जिले में रेत के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ समय-समय पर अभियान तो चलाया जाता है, लेकिन कार्रवाई स्थायी नहीं हो पाती। यही वजह है कि रेत माफियाओं के हौसले लगातार बुलंद हैं। गौमाता चौक में डंप रेत को लेकर भी प्रशासन की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है।

स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि अवैध रेत कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि शासन की कार्रवाई केवल दिखावा बनकर न रह जाए।