Thursday, May 21, 2026
Home Breaking ड्यूटी से लौट रहे आरक्षक की सड़क हादसे में मौत, तीन दिन...

ड्यूटी से लौट रहे आरक्षक की सड़क हादसे में मौत, तीन दिन तक जिंदगी की जंग हार गए

8

The Duniyadari: कवर्धा जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में घायल पुलिस आरक्षक रुपेश राजपूत ने आखिरकार इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद से उनका इलाज रायपुर के निजी अस्पताल में चल रहा था, जहां तीन दिन तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करने के बाद उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, आरक्षक रुपेश राजपूत डीएसबी शाखा में पदस्थ थे। सोमवार को वे अपने साथी आरक्षक रेखूराम धुर्वे के साथ लोहारा नगर पंचायत उपचुनाव से संबंधित ड्यूटी पर गए हुए थे। दोनों पुलिसकर्मी ड्यूटी खत्म कर बाइक से वापस लौट रहे थे, तभी लोहारा नगर पंचायत क्षेत्र में सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों पुलिसकर्मी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी बाइक चला रहा युवक भी हादसे में घायल हुआ। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए आरक्षक रुपेश राजपूत को रायपुर रेफर कर दिया था।

रायपुर के निजी अस्पताल में लगातार इलाज के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका और बुधवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। वहीं हादसे में घायल अन्य दो लोगों का इलाज अभी जिला अस्पताल में जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।