The Duniyadari: कोरबा शहर में गुरुवार को जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने चर्चित कबाड़ी कारोबारी मुकेश साहू उर्फ बरबट्टी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके अवैध निर्माण पर बुलडोजर चला दिया। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। करीब डेढ़ सौ पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में निगम अमले ने दो मंजिला भवन को तोड़ना शुरू किया।
प्रशासन की कार्रवाई की भनक लगते ही बरबट्टी ने टीम को रोकने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि उसने घर के बाहर खड़े वाहनों के टायर निकालकर रास्ता जाम करने की योजना बनाई थी ताकि बुलडोजर अंदर तक न पहुंच सके। हालांकि पुलिस और निगम अधिकारियों ने तुरंत वाहनों को हटवाया और कार्रवाई जारी रखी।
जैसे ही तोड़फोड़ की प्रक्रिया शुरू हुई, परिवार के सदस्य और समर्थक मौके पर विरोध करने पहुंच गए। महिलाओं ने भी कार्रवाई का विरोध करते हुए हंगामा किया, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। बावजूद इसके पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित रखा और प्रशासनिक टीम ने अवैध हिस्से को ध्वस्त करना जारी रखा।
मुकेश साहू उर्फ बरबट्टी का नाम पहले भी कई विवादों में सामने आ चुका है। वह शहर में चर्चित पुल चोरी मामले का मुख्य आरोपी रह चुका है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में कई मामले दर्ज हैं। प्रशासन का कहना है कि शहर के विभिन्न इलाकों में अवैध कब्जे कर गोदाम और कबाड़ कारोबार संचालित किए जा रहे थे, जिन पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इससे पहले भी प्रशासन राताखार, मुड़ापार और कोरकोमा रोड स्थित उसकी कबाड़ दुकानों और गोदामों को सील कर चुका है। कई स्थानों पर अवैध कब्जे हटाने के लिए बुलडोजर कार्रवाई भी की जा चुकी है।















