The Duniyadari; कोरबा- लगातार बढ़ रही महंगाई के विरोध में शनिवार को दर्री क्षेत्र के जमनीपाली में कांग्रेस ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर जमकर निशाना साधा। पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल की अगुवाई में हुए प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए।
*‘डीजल-पेट्रोल ने तोड़ी कमर’*
पूर्व मंत्री अग्रवाल ने कहा कि डीजल, पेट्रोल और एलपीजी सिलेंडर के दामों में बेतहाशा बढ़ोतरी से आम आदमी का जीना मुश्किल हो गया है। महंगाई ने गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। उन्होंने कहा कि ईंधन महंगा होने से परिवहन खर्च बढ़ा है और इसका सीधा असर दाल, तेल, सब्जी जैसी रोजमर्रा की चीजों पर पड़ा है।

*‘सरकार सिर्फ दावे कर रही, जमीन पर राहत नहीं’*
जयसिंह अग्रवाल ने केंद्र और राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि सरकार बड़े-बड़े दावे तो कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत में जनता महंगाई से परेशान है। उन्होंने मांग की कि पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडर के दाम तुरंत घटाए जाएं। साथ ही जरूरी सामानों की कीमतों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने बताया कि जमनीपाली पेट्रोल पंप के पास पिछले दो दिन से डीजल न मिलने से दर्जनों ट्रक सड़क किनारे खड़े हैं।

*निकाली ‘महंगाई की अर्थी’, लगे तीखे नारे*
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से महंगाई की अर्थी सजाकर शवयात्रा निकाली। ‘राम नाम सत्य है, महंगाई जबरजस्त है’, ‘महंगाई की मार, अब नहीं सहेंगे यार’, ‘जनता त्रस्त-भाजपा मस्त’ जैसे नारों से जमनीपाली गूंज उठा।
*ये नेता रहे मौजूद*
रैली में प्रदेश सचिव विकास सिंह, शहर जिला अध्यक्ष मुकेश राठौर, ग्रामीण जिला अध्यक्ष मनोज चौहान, पूर्व जिलाध्यक्ष नत्थूलाल यादव, पूर्व सभापति धुरपाल सिंह कंवर, युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज, ए.डी. जोशी, राजेंद्र तिवारी, पार्षद नारायण लाल कुर्रे, रोपा तिर्की, इकबाल कुरैशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने जल्द राहत नहीं दी तो जनता के हित में और बड़ा आंदोलन किया जाएगा।















