The Duniyadari: KORBA- जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा ने बुधवार को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न राजीव गांधी की 35वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि राजीव गांधी के नेतृत्व में देश ने आर्थिक, सामाजिक, राजनीतिक और तकनीकी क्षेत्र में नई ऊंचाइयां छुईं।
*‘पंचायतों को ताकत देना चाहते थे राजीव’*
श्री अग्रवाल ने कहा कि राजीव गांधी पंचायती राज के मजबूत पक्षधर थे। उनका सपना था कि गांव की पंचायतों को फैसले लेने का अधिकार मिले, जिससे लोकतंत्र की जड़ें मजबूत हों।

*‘21वीं सदी का सपना किया साकार’*
पूर्व सभापति श्यामसुंदर सोनी ने कहा कि राजीव गांधी में दूरदर्शिता और आत्मविश्वास का अनूठा मेल था। उन्होंने 21वीं सदी के विकसित भारत का सपना देखा और देश में कंप्यूटर व दूरसंचार क्रांति की शुरुआत की। जिला अध्यक्ष मुकेश राठौर ने कहा कि राजीव गांधी ने महिला सशक्तिकरण पर जोर दिया और हर क्षेत्र में महिलाओं के लिए आरक्षण सुनिश्चित किया।
*‘मताधिकार 18 साल किया, IT की नींव रखी’*
प्रदेश सचिव बी.एन. सिंह ने कहा कि राजीव गांधी ने संचार क्रांति से हर हाथ में मोबाइल पहुंचाने की नींव रखी। नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू ने याद दिलाया कि राजीव जी ने ही वोट देने की उम्र 21 से घटाकर 18 साल की। उन्होंने रोजगार, भोजन की गारंटी और सूचना का अधिकार जैसे कदम उठाए।
*आतंकवाद विरोध की शपथ*
ओबीसी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष गजानंद साहू, अजा प्रकोष्ठ अध्यक्ष नारायण कुर्रे, इंटक नेता विकास सिंह, रेखा त्रिपाठी, मनमोहन राठौर समेत अन्य नेताओं ने राजीव गांधी के योगदान को याद किया। कार्यक्रम की शुरुआत तैल चित्र पर माल्यार्पण और ‘राजीव जी अमर रहें’ के नारों से हुई। पुण्यतिथि को आतंकवाद विरोध दिवस के रूप में मनाते हुए सभी ने अहिंसा, सामाजिक सद्भाव और विघटनकारी ताकतों के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने की शपथ ली।















