Sunday, May 24, 2026
Home Breaking KORBA: चोरी करते पकड़ा गया युवक, ग्रामीणों ने बांधकर की पिटाई; वीडियो...

KORBA: चोरी करते पकड़ा गया युवक, ग्रामीणों ने बांधकर की पिटाई; वीडियो वायरल

12
Oplus_16908288

The Duniyadari: कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुर गांव में चोरी की घटनाओं से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा उस समय फूट पड़ा, जब एक संदिग्ध युवक को चोरी के बाद भागते हुए पकड़ लिया गया। ग्रामीणों ने आरोपी को रस्सी से बांध दिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, मोहनपुर और आसपास के गांवों में पिछले कई महीनों से मवेशी चोरी और खेतों से बोर पंप गायब होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं। इन वारदातों से ग्रामीणों में भारी नाराजगी थी और लोग लंबे समय से चोरों की तलाश में जुटे थे।

बताया जा रहा है कि रविवार को दो युवक चोरी की वारदात को अंजाम देकर बाइक से भाग रहे थे। इसी दौरान रास्ते में स्पीड ब्रेकर आने से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने दोनों को घेरने की कोशिश की। इस दौरान एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरे युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया।

ग्रामीणों ने पकड़े गए युवक को रस्सी से बांधकर उसकी पिटाई कर दी। पूछताछ में आरोपी ने खुद को तिवरता गांव का निवासी बताया। बाद में सूचना मिलने पर कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। वहीं वायरल वीडियो को लेकर भी पुलिस जानकारी जुटा रही है।