Wednesday, May 27, 2026
Home Breaking आबकारी मंत्री देवांगन की सख्ती, राजस्व लक्ष्य और अवैध शराब पर कड़ा...

आबकारी मंत्री देवांगन की सख्ती, राजस्व लक्ष्य और अवैध शराब पर कड़ा एक्शन के निर्देश

6

The Duniyadari: Raipur- छत्तीसगढ़ के वाणिज्यिक कर (आबकारी) मंत्री लखन लाल देवांगन ने नवा रायपुर स्थित जीएसटी भवन में आबकारी विभाग की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को राजस्व बढ़ाने और अवैध शराब कारोबार पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में विभागीय योजनाओं, जिलेवार लक्ष्य और आगामी महीनों की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

मंत्री देवांगन ने अधिकारियों से कहा कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए तय राजस्व लक्ष्य हासिल करने के लिए हर जिले में दुकानवार समीक्षा की जाए और जहां लक्ष्य पूरा नहीं हो रहा है, वहां कारणों का विश्लेषण कर विशेष रणनीति बनाई जाए। उन्होंने बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिलों को निरंतर सक्रिय रहने और पीछे चल रहे जिलों को तेजी से सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।

बैठक में अंतरराज्यीय सीमाओं पर स्थित आबकारी जांच चौकियों की निगरानी को और मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। मंत्री ने बाहरी राज्यों से आने वाली अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाने तथा जांच चौकियों में लगे सीसीटीवी कैमरों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अवैध शराब के परिवहन और बिक्री में शामिल कोचियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध शराब कारोबारियों के साथ किसी भी स्तर पर समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आबकारी उपनिरीक्षक से लेकर मैदानी अमले तक सभी अधिकारियों को निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में शराब दुकानों की व्यवस्थाओं को लेकर भी कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए। मंत्री ने कहा कि उपभोक्ताओं की मांग के अनुसार पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध रहे, निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बिक्री न हो और दुकानों में उपलब्ध मदिरा की जानकारी रैक पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाए। उन्होंने दुकानों में अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने पर भी जोर दिया।

मिलावटी शराब की आशंका को गंभीरता से लेते हुए मंत्री देवांगन ने अधिकारियों को समय-समय पर आकस्मिक निरीक्षण करने और गड़बड़ी पाए जाने पर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने ऐसे कर्मचारियों को ब्लैकलिस्ट करने तक की सख्त चेतावनी दी।

बैठक में कैशलेस भुगतान को बढ़ावा देने के लिए शराब दुकानों में पेटीएम सहित डिजिटल भुगतान के अलग काउंटर बनाने के निर्देश भी दिए गए। वहीं विभागीय सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले ने बार, क्लब, होटल और ढाबों की अचानक जांच करने तथा तय समय के बाद संचालन या अवैध शराब बिक्री करने वालों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।