The Duniyadari: Bilaspur जिले के बेलगहना चौकी क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। लमरीडबरी गांव में एक नवजात बच्ची को जन्म के तुरंत बाद तालाब में फेंक दिए जाने का मामला उजागर हुआ है। पानी में डूबने से मासूम की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, घटना 29 मार्च की बताई जा रही है। गांव की महिला बृजबाई ने कोटवार निर्मलदास मानिकपुरी को सूचना दी थी कि रामसागर तालाब में एक नवजात का शव दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही कोटवार मौके पर पहुंचा, जहां तालाब के दक्षिणी हिस्से में बच्ची का शव पानी में तैरता मिला।
शव को बाहर निकालने के बाद पुलिस ने प्रारंभिक जांच में बच्ची की उम्र करीब एक-दो दिन होने का अनुमान लगाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि बच्ची की मौत डूबने और दम घुटने से हुई है। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि नवजात को जिंदा अवस्था में तालाब में फेंका गया था।
पुलिस को आशंका है कि सामाजिक बदनामी या लोक-लाज के डर से किसी ने बच्ची के जन्म को छिपाने के उद्देश्य से यह अमानवीय कदम उठाया। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।















