Friday, May 29, 2026
Home Breaking बढ़ी पुलिस सतर्कता, संवेदनशील इलाकों में लगातार होगी पेट्रोलिंग

बढ़ी पुलिस सतर्कता, संवेदनशील इलाकों में लगातार होगी पेट्रोलिंग

16

The Duniyadari: रायगढ़ जिले में लगातार मिल रही झगड़ा और मारपीट की घटनाओं को देखते हुए जूटमिल थाना पुलिस ने इलाके में सख्ती बढ़ा दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर काशीराम चौक, गढ़उमरिया समेत संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस ने बड़े स्तर पर फ्लैग मार्च और पैदल पेट्रोलिंग की। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा भी मौजूद रहे।

थाना प्रभारी अभिनव कांत सिंह के नेतृत्व में जूटमिल पुलिस और 6वीं बटालियन के जवानों ने इलाके का भ्रमण कर हालात का जायजा लिया। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।

पुलिस टीम ने क्षेत्र के युवकों को समझाइश देते हुए आपसी विवाद, मारपीट, स्टंटबाजी और बेवजह की भीड़बाजी से दूर रहने की सलाह दी। वहीं आम नागरिकों से अपील की गई कि अगर कोई संदिग्ध व्यक्ति या असामाजिक गतिविधि नजर आए तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। इसके लिए बीट आरक्षकों और थाना प्रभारी के मोबाइल नंबर भी लोगों को उपलब्ध कराए गए।

फ्लैग मार्च के दौरान ओडिशा हाईवे, जूटमिल मार्केट और युवकों के जमावड़े वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई। सार्वजनिक जगहों पर शराब पीकर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से इलाके में सुरक्षा का माहौल देखने को मिला।