The Duniyadari: भिलाई- दुर्ग जिले में पुलिस विभाग में प्रशासनिक कसावट को लेकर एसएसपी विजय अग्रवाल ने निरीक्षकों और उप निरीक्षकों के तबादले आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में कई थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक श्रद्धा पाठक को नियंत्रण कक्ष भिलाई से थाना अण्डा का प्रभारी बनाया गया है। वहीं निरीक्षक महेश ध्रुव को उतई थाना से हटाकर नियंत्रण कक्ष भिलाई भेजा गया है। निरीक्षक अनिल पटेल को बोरी थाना से उतई थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। निरीक्षक वंदिता पनिणकर को पुलिस लाइन दुर्ग से बोरी थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।
उप निरीक्षक स्तर पर भी कई अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं। उप निरीक्षक खगेन्द्र पठारे को जेवरा सिरसा चौकी से मोहन नगर थाना भेजा गया है। उप निरीक्षक पारस ठाकुर को अण्डा थाना से सुपेला थाना में पदस्थ किया गया है। उप निरीक्षक श्रीराम पेंड्रो को धमधा थाना से उतई थाना स्थानांतरित किया गया है, जबकि उप निरीक्षक प्रमोद सिन्हा को उतई से धमधा थाना की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पुलिस विभाग का कहना है कि कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा प्रशासनिक कार्यों में बेहतर समन्वय के उद्देश्य से यह तबादला आदेश जारी किया गया है।















