Monday, June 8, 2026
Home Breaking जंगल के मैदान में गूंजे चौके-छक्के, युवाओं संग क्रिकेट खेलते नजर आए...

जंगल के मैदान में गूंजे चौके-छक्के, युवाओं संग क्रिकेट खेलते नजर आए डिप्टी सीएम अरुण साव

3
Oplus_16908288

The Duniyadari: Sukma के दौरे पर पहुंचे उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने एक ऐसा पल साझा किया, जिसने ग्रामीण युवाओं का उत्साह दोगुना कर दिया। किरंदुल से सुकमा जाते समय मुनगा गांव के पास मैदान में क्रिकेट खेल रहे युवाओं को देखकर उन्होंने अपना काफिला रुकवाया और सीधे खिलाड़ियों के बीच पहुंच गए।

मैदान में पहुंचकर उन्होंने बल्ला संभाला और स्थानीय गेंदबाजों की गेंदों पर शानदार शॉट लगाकर खेल का आनंद लिया। अचानक उप मुख्यमंत्री को अपने बीच खेलते देखकर खिलाड़ी और दर्शक दोनों उत्साहित हो उठे। मैदान पर उस समय क्रिकेट टूर्नामेंट चल रहा था, जिसमें आसपास के गांवों की 16 टीमें हिस्सा ले रही थीं।

खेल के दौरान अरुण साव ने युवाओं से बातचीत कर उनकी गतिविधियों और टूर्नामेंट की जानकारी ली। खिलाड़ियों के खेल के प्रति उत्साह को देखते हुए उन्होंने सभी 16 टीमों को क्रिकेट किट उपलब्ध कराने की घोषणा की, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं को और बेहतर बनाया जा सके।

चर्चा के दौरान युवाओं ने गांव में स्थायी खेल मैदान की आवश्यकता भी बताई। इस पर उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देने का भरोसा दिलाया।

गौरतलब है कि अरुण साव इन दिनों चार दिवसीय बस्तर प्रवास पर हैं। इस दौरान वे विभिन्न विकास कार्यों और निर्माण परियोजनाओं का निरीक्षण कर रहे हैं। साथ ही अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठकें लेकर अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा करने और नई योजनाओं को तेजी से जमीन पर उतारने के निर्देश भी दे रहे हैं।

ग्रामीण अंचल में युवाओं के साथ बिताया गया यह पल न केवल खेल के प्रति प्रोत्साहन का संदेश देता है, बल्कि बदलते और आगे बढ़ते बस्तर की सकारात्मक तस्वीर भी प्रस्तुत करता है।