The Duniyadari: KORBA- जिले में मानसून अवधि के दौरान रेत उत्खनन पर लगाए गए प्रतिबंध को प्रभावी बनाने के लिए खनिज विभाग ने विशेष जांच अभियान चलाया। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर गठित खनिज उड़नदस्ता टीमों ने विभिन्न रेत घाटों का निरीक्षण कर नियमों के पालन की स्थिति का जायजा लिया।
जांच के दौरान जोगीपाली, तरदा, कुदुरमाल, कटबितला, भैंसामुड़ा, गितारी, बगदर, चिचोली, भिलाई खुर्द, चुईया, कछार, घमोटा, धवईपुर, चारपारा और कुदमुरा सहित कई अधिकृत रेत घाटों का औचक निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने घाट संचालकों को 10 जून से 15 अक्टूबर तक नदी से रेत निकालने पर लागू प्रतिबंध का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
कार्रवाई के दौरान कुदमुरा रेत घाट में प्रतिबंध के बावजूद उत्खनन कार्य करते पाए जाने पर एक चौन माउंटेन मशीन को जब्त कर सील कर दिया गया। वहीं भिलाई खुर्द क्षेत्र में अवैध रूप से ईंट परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर को जब्त कर सिटी कोतवाली थाना की अभिरक्षा में रखा गया।
इसके अलावा डिंगापुर क्षेत्र में मिट्टी और ईंट के अवैध उत्खनन व परिवहन में संलिप्त दो अन्य ट्रैक्टरों पर भी कार्रवाई की गई। जब्त वाहनों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए रामपुर थाना में सुपुर्द किया गया है।
खनिज विभाग के अनुसार अभियान का उद्देश्य वर्षा ऋतु के दौरान नदियों के प्राकृतिक स्वरूप और पर्यावरणीय संतुलन की रक्षा करना, अवैध खनन गतिविधियों पर अंकुश लगाना तथा राजस्व हानि को रोकना है। विभाग ने कहा है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ गौण खनिज नियमों एवं अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।















