The Duniyadari: Bilaspur– रतनपुर थाना क्षेत्र के बिकमा तालाब में मगरमच्छ के छह शावक मिलने से इलाके में लोगों के बीच उत्सुकता और चिंता दोनों का माहौल बन गया। सुबह तालाब में पहुंचे स्थानीय लोगों ने तालाब किनारे छोटे-छोटे मगरमच्छों को देखा, जिसके बाद तुरंत इसकी सूचना पुलिस और वन विभाग को दी गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग और रतनपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों की मदद से सभी शावकों का सावधानीपूर्वक रेस्क्यू किया। जांच में पता चला कि तालाब किनारे दिए गए अंडों से हाल ही में इन शावकों का जन्म हुआ था।
रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद वन विभाग ने छहों मगरमच्छ शावकों को उनके प्राकृतिक आवास के अनुरूप खुटाघाट डैम में सुरक्षित छोड़ दिया। विभाग का कहना है कि इससे शावकों के बेहतर संरक्षण और सुरक्षित विकास में मदद मिलेगी।
वन अधिकारियों ने यह भी आशंका जताई है कि बिकमा तालाब में अभी अन्य मगरमच्छ भी मौजूद हो सकते हैं। शुरुआती संकेतों के आधार पर तीन और मगरमच्छों के होने की संभावना व्यक्त की गई है। इसे देखते हुए तालाब और आसपास के क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है तथा लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।















