The Duniyadari: रायपुर- छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी मानसून सत्र की तारीखों पर अंतिम मुहर लग गई है। राज्य सरकार और विधानसभा अध्यक्ष के बीच हुई चर्चा के बाद 13 से 17 जुलाई तक सत्र आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। राज्यपाल की स्वीकृति मिलने के साथ ही इसकी आधिकारिक अधिसूचना भी जारी कर दी गई है।
इस बार मानसून सत्र कुल पांच कार्यदिवसों का होगा, जिसमें सरकार विभिन्न विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा कर सकती है। साथ ही कुछ संशोधन विधेयकों को सदन में प्रस्तुत किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, इस सत्र में अनुपूरक बजट पेश किए जाने की संभावना फिलहाल कम दिखाई दे रही है। हालांकि विपक्ष प्रदेश से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है, वहीं सरकार भी अपने कार्यों और योजनाओं का ब्यौरा सदन के पटल पर रख सकती है।
मानसून सत्र को लेकर राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है और सभी दल अपनी-अपनी रणनीति बनाने में जुट गए हैं।















