The Duniyadari: कोरबा। श्रावण शुक्ल पंचमी एवं आयुर्वेदाचार्य महर्षि चरक की जयंती के अवसर पर आयुष मेडिकल एसोसिएशन और लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट के संयुक्त तत्वावधान में निहारिका रोड स्थित महानदी कॉम्प्लेक्स के पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय में निशुल्क आयुर्वेद-योग चिकित्सा परामर्श शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान आंवला, गिलोय, नीम, तुलसी और एलोवेरा सहित विभिन्न आयुर्वेदिक औषधीय पौधों का निशुल्क वितरण किया गया। साथ ही इन पौधों को विभिन्न स्थानों पर रोपित भी किया गया।
इस अवसर पर डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने कहा कि आयुर्वेद ग्रंथ भावप्रकाश के अनुसार श्रावण शुक्ल पंचमी यानी नागपंचमी को महर्षि चरक की जयंती मानी जाती है। उन्होंने कहा कि महर्षि चरक द्वारा रचित चरक संहिता केवल चिकित्सा का ग्रंथ नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने का मार्गदर्शन देने वाला शास्त्र है।
डॉ. शर्मा ने कहा कि आचार्य चरक के बताए मार्ग पर चलकर व्यक्ति निरोगी जीवन की ओर बढ़ सकता है। उन्होंने हितकर आहार-विहार, संयमित जीवनशैली, सत्य, क्षमा, दान और सज्जनों की संगति को स्वस्थ जीवन के लिए महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने बताया कि जयंती के अवसर पर लोगों को निशुल्क आयुर्वेद एवं योग चिकित्सा संबंधी परामर्श देने के साथ औषधीय पौधों का वितरण और पौधरोपण भी किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य आयुर्वेद के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और लोगों को प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम में डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा, डॉ. संजय वैष्णव, डॉ. सुरेंद्र मिश्रा, डॉ. सुधांशु शर्मा, डॉ. जितेंद्र नारायण शर्मा, डॉ. लव कुमार साहू, डॉ. प्रदीप कश्यप, डॉ. अजय निर्मलकर, डॉ. नंदिनी तिवारी, डॉ. राजेश राठौर और डॉ. वागेश्वरी शर्मा सहित श्री शिव औषधालय की संचालिका प्रतिभा शर्मा उपस्थित रहीं।
इसके अलावा लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट के क्लब डायरेक्टर लायन शिव जायसवाल, सचिव लायन प्रत्युष सक्सेना, कोषाध्यक्ष लायन सुधीर सक्सेना सहित क्लब के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन “सर्वे भवन्तु सुखिनः” की प्रार्थना के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने सभी के उत्तम स्वास्थ्य एवं सुख-समृद्धि की कामना की।
































