Tuesday, August 18, 2026
Home कोरबा मानिकपुर खदान विस्तार की जनसुनवाई टली, मंत्री देवांगन ने दिए सख्त निर्देश

मानिकपुर खदान विस्तार की जनसुनवाई टली, मंत्री देवांगन ने दिए सख्त निर्देश

8

The Duniyadari: कोरबाउद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने एसईसीएल अधिकारियों को दिए निर्देश, 21 अगस्त की प्रस्तावित जनसुनवाई आगे बढ़ाने कहा

कोरबा। मानिकपुर ओपन कास्ट एक्सपेंशन परियोजना को लेकर उद्योग मंत्री एवं कोरबा नगर विधायक लखन लाल देवांगन ने प्रभावित क्षेत्र के लोगों के हित में महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं। मंत्री ने एसईसीएल कोरबा के महाप्रबंधक से चर्चा कर स्पष्ट निर्देश दिया है कि मुआवजा, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापना (R&R) से जुड़े मामलों का उचित निराकरण होने तथा काचंदी नाला डायवर्सन की प्रारंभिक निरीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही जनसुनवाई आयोजित की जाए।

मानिकपुर ओपन कास्ट एक्सपेंशन परियोजना के तहत खदान की उत्पादन क्षमता 5.25 एमटीपीए से बढ़ाकर 7.0 एमटीपीए किए जाने का प्रस्ताव है। इसके लिए 21 अगस्त 2026 को जनसुनवाई प्रस्तावित थी। मंत्री देवांगन ने प्रभावित लोगों की भावनाओं और उनकी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए एसईसीएल अधिकारियों से अब तक की गई कार्रवाई और लंबित प्रक्रियाओं की जानकारी ली।

परियोजना से प्रभावित भिलाईखुर्द गांव में मार्च 2026 में किए गए सर्वे से संबंधित मुआवजा प्रकरण तथा पुनर्वास एवं पुनर्स्थापना से जुड़े कार्य अभी अंतिम चरण में हैं। इन मामलों का निराकरण किया जाना बाकी है।

वहीं, कुदरी गांव के पास काचंदी नाला डायवर्सन को लेकर भी जल संसाधन विभाग द्वारा स्थल निरीक्षण किया जाना है। इसके बाद नाला डायवर्सन से संबंधित प्रारंभिक निरीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होनी है।

क्षेत्रवासियों के हितों को देखते हुए मंत्री ने निर्देशित किया कि मुआवजा, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापना से संबंधित कार्यों का अंतिम रूप से निराकरण होने तथा काचंदी नाला डायवर्सन की प्रारंभिक निरीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही लोक सुनवाई आयोजित की जाए।

इसके साथ ही 21 अगस्त 2026 को प्रस्तावित जनसुनवाई को आवश्यक प्रक्रियाओं के पूरा होने तक स्थगित/आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।