Sunday, July 12, 2026
Home Breaking कोरबा में भाजपा नेता पर जानलेवा हमला, जिला पंचायत सदस्य समेत कई...

कोरबा में भाजपा नेता पर जानलेवा हमला, जिला पंचायत सदस्य समेत कई लोगों पर गंभीर आरोप

45

The Duniyadari: KORBA जिले में सोमवार दोपहर हुई एक हिंसक घटना ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है। भाजपा के बालको नगर मंडल के पूर्व अध्यक्ष शिव बालक सिंह तोमर पर कथित रूप से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में उनके दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं, जिसके बाद उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, शिव तोमर और जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली के बीच किसी पुराने विवाद को लेकर लंबे समय से तनाव की स्थिति बनी हुई थी। बताया जा रहा है कि इसी विवाद को समाप्त करने और बातचीत के जरिए समाधान निकालने के उद्देश्य से दोनों पक्षों के बीच मुलाकात तय हुई थी।

आरोप है कि बातचीत के बहाने शिव तोमर को वाहन में बैठाकर एक स्थान पर ले जाया गया, जहां पहले से मौजूद कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावरों द्वारा लोहे की रॉड और डंडों से किए गए हमले में उनके पैरों को गंभीर नुकसान पहुंचा है। घायल भाजपा नेता ने पुलिस को दिए शुरुआती बयान में रज्जाक अली और कुछ अन्य लोगों के नाम बताए हैं।

घटना की खबर मिलते ही क्षेत्र में राजनीतिक हलचल बढ़ गई। राज्य के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर संजू देवी राजपूत सहित कई जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे और घायल नेता का हालचाल जाना। नेताओं ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मंत्री देवांगन ने पुलिस अधिकारियों को मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

इधर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद कोरबा जिले में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं और सभी की नजर अब पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।