Wednesday, September 23, 2026
Home कोरबा दुबई रोड पर चौपाटी की तैयारी तेज, राजस्व टीम ने शुरू की...

दुबई रोड पर चौपाटी की तैयारी तेज, राजस्व टीम ने शुरू की जमीन की नाप-जोख

6
Screenshot

The Duniyadari: कोरबा। शहर में मल्टी लेवल पार्किंग के आसपास चौपाटी विकसित करने की प्रस्तावित योजना अब जमीन पर आकार लेती दिखाई दे रही है। बुधवार को राजस्व विभाग की टीम ने दुबई रोड स्थित संबंधित क्षेत्र का निरीक्षण किया। तहसीलदार के नेतृत्व में पहुंचे अमले ने मौके पर जमीन की नाप-जोख और सीमाओं का निर्धारण करने की प्रक्रिया शुरू की।

अधिकारी-कर्मचारियों ने मौके पर मौजूद भूमि की स्थिति, सीमांकन बिंदुओं और आसपास के हिस्से का जायजा लिया। प्रशासनिक टीम की कार्रवाई शुरू होते ही क्षेत्र में संचालित ग्रेनाइट कारोबार से जुड़े लोगों के बीच भी गतिविधियां बढ़ गईं। कारोबारी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रहे।

प्रशासनिक स्तर पर मल्टी लेवल पार्किंग के समीप चौपाटी विकसित करने की योजना पर काम चल रहा है। इसी कड़ी में जमीन की वास्तविक स्थिति सामने लाने के लिए राजस्व अमले को मौके पर भेजा गया है। सीमांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि चौपाटी के लिए कितना क्षेत्र निर्धारित किया जा सकता है।

चौपाटी को लेकर इससे पहले भी मंत्री स्तर पर आश्वासन दिए जाने की बात सामने आती रही है। अब राजस्व विभाग की ओर से स्थल पर नाप-जोख शुरू किए जाने से इस प्रस्ताव को लेकर क्षेत्र में फिर से चर्चा तेज हो गई है।

अब सभी की निगाहें सीमांकन की अंतिम रिपोर्ट पर टिकी हैं। इसके बाद प्रस्तावित चौपाटी की जमीन की वास्तविक स्थिति सामने आएगी और यह भी स्पष्ट होगा कि आसपास चल रहे ग्रेनाइट कारोबार की मौजूदा गतिविधियों पर इसका कितना प्रभाव पड़ सकता है।