The Duniyadari: Durg जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र की जेवरा सिरसा चौकी पुलिस ने अवैध सट्टा संचालन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सट्टा पट्टियां, नगदी और सट्टा लिखने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सिरसा खुर्द के छोटे तालाब के पास एक महिला लोगों से सट्टा अंक लेकर अवैध रूप से सट्टा कारोबार संचालित कर रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर निगरानी की और फिर दबिश देकर महिला को सट्टा पट्टी लिखते हुए पकड़ लिया।
गिरफ्तार महिला की पहचान शेख ईद बी (42 वर्ष) निवासी सिरसा खुर्द के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 14 सट्टा पट्टियां, 4,900 रुपये नकद और एक डॉट पेन बरामद किया गया। पुलिस ने सभी सामान जब्त कर छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में अवैध सट्टा गतिविधियों की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। कार्रवाई के बाद आरोपी महिला को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने कहा कि अवैध जुआ और सट्टा जैसी गतिविधियां समाज पर नकारात्मक प्रभाव डालती हैं, इसलिए इनके खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि ऐसी किसी भी गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।















