Thursday, June 18, 2026
Home Breaking शैक्षणिक सत्र के पहले दिन बस्तर में सख्ती, 8 शिक्षकों को थमाया...

शैक्षणिक सत्र के पहले दिन बस्तर में सख्ती, 8 शिक्षकों को थमाया गया नोटिस

10

The Duniyadari: जगदलपुर-  नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ बस्तर जिले के स्कूलों में जहां विद्यार्थियों का उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया, वहीं शिक्षा विभाग ने व्यवस्थाओं को लेकर सख्त रुख भी अपनाया। जिला प्रशासन की ओर से विभिन्न विकासखंडों के स्कूलों का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों, उपस्थिति और व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि अधिकांश विद्यालयों में प्रवेशोत्सव उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा था और छात्र-छात्राएं नए सत्र को लेकर काफी उत्साहित नजर आए। हालांकि कुछ स्कूलों में शिक्षकों और संकुल समन्वयकों की लापरवाही भी सामने आई, जिस पर तत्काल कार्रवाई की गई।

जिला मिशन समन्वयक और शिक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा की गई जांच में अनुशासनहीनता मिलने पर कुल 8 शिक्षकों एवं संकुल समन्वयकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। संबंधित कर्मचारियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उनके खिलाफ वेतन कटौती सहित अन्य विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

इसके अलावा अधिकारियों ने सभी स्कूलों को मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने, शिक्षकों द्वारा नियमित रूप से डेली डायरी संधारित करने तथा विद्यार्थियों और शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उपस्थिति की ऑनलाइन एंट्री को भी अनिवार्य बताया गया है, ताकि शैक्षणिक व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहे।

शिक्षा विभाग का कहना है कि नए सत्र की शुरुआत से ही स्कूलों में अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए नियमित निगरानी जारी रहेगी।