Thursday, June 18, 2026
Home Breaking रील के लिए जान जोखिम में! सनरूफ से बाहर निकलकर युवती ने...

रील के लिए जान जोखिम में! सनरूफ से बाहर निकलकर युवती ने किया खतरनाक स्टंट, वीडियो वायरल

11
Oplus_16908288

The Duniyadari: Bilaspur- सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने की होड़ में युवाओं द्वारा किए जा रहे खतरनाक स्टंट थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। बिलासपुर में एक बार फिर सड़क पर लापरवाही का ऐसा मामला सामने आया है, जिसने यातायात सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। तिफरा ओवरब्रिज के आसपास का बताया जा रहा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवती चलती कार के सनरूफ से बाहर निकलकर खतरनाक अंदाज में नजर आ रही है।

वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कार सड़क पर गति से दौड़ रही है और इसी दौरान युवती वाहन के सनरूफ से आधा शरीर बाहर निकालकर स्टंट करती दिखाई देती है। यह हरकत न केवल युवती की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा थी, बल्कि सड़क पर मौजूद अन्य वाहन चालकों और राहगीरों के लिए भी दुर्घटना का कारण बन सकती थी।

वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने इस तरह की लापरवाही पर नाराजगी जताई है। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि रील और लाइक्स के लिए जान जोखिम में डालना एक खतरनाक प्रवृत्ति बनती जा रही है।

गौरतलब है कि पुलिस द्वारा समय-समय पर स्टंटबाजी और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाती रही है। इसके बावजूद कुछ लोग कानून और सुरक्षा नियमों को नजरअंदाज कर सार्वजनिक सड़कों को स्टंट का मंच बना रहे हैं। अब देखना होगा कि वायरल वीडियो के आधार पर संबंधित वाहन और युवती के खिलाफ प्रशासन क्या कदम उठाता है।