The Duniyadari: Raipur/Jashpur- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री निवास में देर रात तक चली बैठक को लेकर स्पष्ट किया कि यह कोई आपातकालीन बैठक नहीं थी, बल्कि केंद्र सरकार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा के लिए आयोजित नियमित बैठक थी। बैठक में मंत्रियों और संगठन के पदाधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों की प्रगति पर चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री साय शुक्रवार को जशपुर प्रवास के लिए रवाना हुए। उन्होंने बताया कि जशपुर में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में शामिल होंगे तथा रात्रि विश्राम अपने गृह ग्राम बगिया में करेंगे।
इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे पर भी मुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जहां भी जाते हैं, वहां कांग्रेस की स्थिति और कमजोर होती नजर आती है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी कथनी और करनी के कारण जनता का विश्वास खो चुकी है और पार्टी के भीतर आपसी मतभेद तथा गुटबाजी की स्थिति बनी हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस का जनता के बीच भरोसा लगातार कम हो रहा है, जबकि भाजपा विकास और जनकल्याण के मुद्दों पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का पूरा ध्यान प्रदेश के विकास और आम लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर केंद्रित है।















