Saturday, June 20, 2026
Home Breaking अंतर्जातीय विवाह प्रमाण पत्र के बदले रिश्वत का आरोप, कलेक्टर ने बाबू...

अंतर्जातीय विवाह प्रमाण पत्र के बदले रिश्वत का आरोप, कलेक्टर ने बाबू को किया निलंबित

10
Oplus_16908288

The Duniyadari: बेमेतरा कलेक्टर कार्यालय में पदस्थ एक कर्मचारी पर अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना से जुड़े दस्तावेज जारी करने के बदले अवैध रकम लेने का आरोप सिद्ध होने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर ने सहायक ग्रेड-02 विनय कुमार कुर्रे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

मामला ग्राम सिंघनपुरी निवासी दिलेश बंजारे की शिकायत से जुड़ा है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र जारी करने के लिए उससे अनुचित राशि की मांग की गई और पैसे लिए गए। शिकायत मिलने के बाद जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दिए थे।

कलेक्टर के निर्देश पर गठित जांच समिति ने मामले की पड़ताल कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की। जांच में शिकायत को सही पाया गया और संबंधित कर्मचारी की भूमिका संदिग्ध नहीं बल्कि प्रमाणित मानी गई। रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन ने इसे गंभीर कदाचार मानते हुए कार्रवाई की।

आदेश में कहा गया है कि कर्मचारी का आचरण शासकीय सेवक के लिए निर्धारित नियमों के विपरीत है तथा इससे सरकारी कार्यालय की छवि प्रभावित हुई है। इसी आधार पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियमों के तहत विनय कुमार कुर्रे को निलंबित कर दिया गया है।

निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय तहसील कार्यालय साजा निर्धारित किया गया है। साथ ही उन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। प्रशासनिक कार्रवाई के बाद जिले में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।