Saturday, June 20, 2026
Home Breaking चलती बस में लगी आग, सूझबूझ से बचीं 40 जिंदगियां

चलती बस में लगी आग, सूझबूझ से बचीं 40 जिंदगियां

8
Oplus_16908288

The Duniyadari : Dhamtari -धमतरी-नगरी मार्ग पर शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया। ओडिशा से धमतरी आ रही एक यात्री बस के टायर में अचानक आग लग गई, जिससे बस में सवार यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया। हालांकि पुलिस और एक स्थानीय युवक की त्वरित कार्रवाई के चलते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

जानकारी के मुताबिक, दिनेश ट्रेवल्स की बस धमतरी की ओर आ रही थी। खड़ादाह के पास पहुंचते ही बस के एक टायर से धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं। बस में करीब 40 यात्री सवार थे, जिनमें पांच बच्चे भी शामिल थे। आग देखकर यात्रियों में घबराहट फैल गई।

इसी दौरान सड़क किनारे मौजूद सैलून संचालक राहुल ने बस में आग लगते देख तुरंत इसकी सूचना केरेगांव पेट्रोलिंग टीम को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बस को रुकवाकर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान शुरू किया।

पुलिस जवानों, स्थानीय लोगों और राहुल की मदद से कुछ ही मिनटों में सभी यात्रियों को बस से बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए और जल्द ही टायर में लगी आग बुझा दी गई।

घटना में किसी यात्री को चोट नहीं आई, जिससे सभी ने राहत की सांस ली। करीब आधे घंटे तक सड़क किनारे रुकने के बाद यात्रियों को उसी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। यात्रियों ने समय पर मदद पहुंचाने वाली पुलिस टीम और स्थानीय युवक राहुल की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सतर्कता से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।