The Duniyadari: Raigarh जिले में घरेलू हिंसा के एक गंभीर मामले में घरघोड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पत्नी पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी पति को घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर महिला संबंधी अपराधों में संवेदनशील कार्रवाई के तहत पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सख्त कदम उठाया।
जानकारी के अनुसार, घायल महिला सत्यवती राठिया आंगनबाड़ी सहायिका के रूप में कार्यरत हैं। उनके परिजनों ने पुलिस को बताया कि पति इंद्रजीत राठिया लंबे समय से शराब के नशे में विवाद और मारपीट करता था। कई बार समझाइश दिए जाने के बावजूद उसके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया।
घटना के दिन आरोपी घर पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। पत्नी द्वारा पैसे देने से इनकार किए जाने पर वह भड़क गया। आरोप है कि उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और बांस के डंडे से पत्नी के सिर व हाथों पर हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे पहले घरघोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रायगढ़ रेफर किया गया।
पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हमले में इस्तेमाल बांस का डंडा भी बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी इंद्रजीत राठिया (32 वर्ष), निवासी देवगढ़ बाजारपारा, थाना घरघोड़ा को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ हिंसा, घरेलू प्रताड़ना और जानलेवा हमलों के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे अपराधों पर शून्य सहनशीलता की नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।















