The Duniyadari: महासमुंद जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र में एक युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई है। रामखेड़ा स्थित झारा नाला के पास रेत में दबा हुआ शव मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने नाला किनारे रेत में मानव शव दिखाई देने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही खल्लारी थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान पाया गया कि युवती के शव का एक हिस्सा रेत के बाहर दिखाई दे रहा था, जबकि शेष भाग रेत में दबा हुआ था।
घटनास्थल से पुलिस ने युवती की चप्पल और बालों का गुच्छा भी बरामद किया है, जिन्हें जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक शव करीब दो दिन पुराना बताया जा रहा है। शव की स्थिति और घटनास्थल से मिले संकेतों के आधार पर पुलिस हत्या की आशंका से इनकार नहीं कर रही है।
मामले की सूचना फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। फिलहाल युवती की पहचान स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होने की संभावना है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना से जुड़े तथ्यों का खुलासा किया जाएगा।















