The Duniyadari: कोरबा जिले के कटघोरा वन मंडल अंतर्गत केंदई वन परिक्षेत्र के पतुरियाडांड़ गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जंगल में महुआ डोरी (फल) संग्रह करने गई एक बुजुर्ग महिला की जंगली हाथी के हमले में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, पतुरियाडांड़ निवासी 70 वर्षीय सुखमत बाई रोज की तरह जंगल में महुआ डोरी बीनने गई थीं। इसी दौरान उनका सामना एक अकेले घूम रहे हाथी से हो गया। हाथी को देखकर महिला ने जान बचाने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन वह सुरक्षित स्थान तक नहीं पहुंच सकीं।
बताया जा रहा है कि हाथी ने महिला पर हमला कर उसे बुरी तरह कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक सहायता के रूप में मृतका के परिजनों को 25 हजार रुपये की तात्कालिक आर्थिक मदद दी गई है। यह राशि जनप्रतिनिधियों और ग्राम पंचायत के पदाधिकारियों की मौजूदगी में सौंपी गई।
घटना के बाद वन विभाग ने ग्रामीणों से जंगल क्षेत्रों में सतर्कता बरतने और हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलते ही प्रभावित इलाकों से दूर रहने की अपील की है। वहीं, गांव में हाथी की मौजूदगी को लेकर लोगों में चिंता और दहशत का माहौल बना हुआ है।















