Wednesday, June 24, 2026
Home Breaking एक्सप्रेस में मोबाइल चोरी का खुलासा, जीआरपी ने आरोपी को दबोचा

एक्सप्रेस में मोबाइल चोरी का खुलासा, जीआरपी ने आरोपी को दबोचा

12
Oplus_16908288

The Duniyadari: Raipur/Bilaspur- ट्रेन में यात्रियों को निशाना बनाकर मोबाइल चोरी करने वाले एक आरोपी को जीआरपी बिलासपुर ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। मामला हैदराबाद एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक यात्री से जुड़ा है, जिसका मोबाइल बिलासपुर स्टेशन के आसपास चोरी हो गया था।

जानकारी के अनुसार, हैदराबाद निवासी 19 वर्षीय युवक ट्रेन संख्या 17006 हैदराबाद एक्सप्रेस के एस-4 कोच में यात्रा कर रहा था। सफर के दौरान उसका रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन गायब हो गया। घटना की शिकायत मिलने पर जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

रेलवे पुलिस ने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और फुटओवर ब्रिज क्षेत्र में विशेष निगरानी अभियान चलाया। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर बचने की कोशिश करता नजर आया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया और पूछताछ की।

पूछताछ में युवक ने अपना नाम शहनवाज आलम निवासी सीतामढ़ी (बिहार) बताया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने ट्रेन में मोबाइल चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया मोबाइल बरामद कर लिया गया।

जांच में आरोप साबित होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर लगातार चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं ताकि चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

रेलवे पुलिस ने यात्रियों से भी सतर्क रहने, अपने कीमती सामान की सुरक्षा करने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।