The Duniyadari: Raipur– नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 से पहले छात्रावासों और आश्रमों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए सुकमा जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। औचक निरीक्षण के दौरान कई संस्थानों में अव्यवस्था, साफ-सफाई की कमी और कर्मचारियों की लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई।
कलेक्टर और सहायक आयुक्त ने 25 जून को विभिन्न छात्रावासों एवं आश्रमों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई स्थानों पर कर्मचारी अनुपस्थित मिले, जबकि साफ-सफाई और व्यवस्थाएं भी संतोषजनक नहीं थीं। बताया गया कि पहले भी सुधार के निर्देश दिए गए थे, लेकिन उनका पालन नहीं होने पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया।
निरीक्षण में सामने आई अनियमितताओं के आधार पर कन्या आश्रम दुब्बाटोटा की अधीक्षिका सुशीला कवासी, प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास दुब्बाटोटा के अधीक्षक पुनेम हिरमा, पोस्ट-मैट्रिक कन्या छात्रावास की अधीक्षिका सविता यादव और प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास के भोजराज ठाकुर के खिलाफ निलंबन और प्रभार से हटाने की कार्रवाई की गई।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि छात्रों की पढ़ाई और छात्रावासों का संचालन प्रभावित न हो, इसके लिए संबंधित संस्थानों में तत्काल वैकल्पिक अधिकारियों की नियुक्ति कर जिम्मेदारी सौंप दी गई है। प्रशासन ने यह भी संकेत दिया है कि भविष्य में लापरवाही पाए जाने पर इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।















