Thursday, July 2, 2026
Home Breaking WhatsApp Username फीचर पर Meta ने दी सफाई, जानिए क्या होंगे नए...

WhatsApp Username फीचर पर Meta ने दी सफाई, जानिए क्या होंगे नए नियम और सुरक्षा इंतजाम

10

The Duniyadari: नई दिल्ली- WhatsApp के आगामी Username फीचर को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की चर्चाएं और आशंकाएं सामने आने के बाद Meta ने स्थिति स्पष्ट की है।

कंपनी ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि यह फीचर फिलहाल लॉन्च नहीं हुआ है और इसे यूजर्स की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जा रहा है। भारत, जहां WhatsApp के सबसे अधिक सक्रिय यूजर्स हैं, वहां इस फीचर को लेकर लोगों की उत्सुकता सबसे ज्यादा है।

Meta ने साफ किया कि Username रखना पूरी तरह वैकल्पिक (Optional) होगा। यदि कोई यूजर अपना मोबाइल नंबर साझा किए बिना पहचान बनाना चाहता है, तो वह यूजरनेम बना सकेगा। वहीं, जो लोग यह सुविधा नहीं चाहते, वे पहले की तरह केवल फोन नंबर से ही WhatsApp का उपयोग कर सकेंगे।

कंपनी के अनुसार, यदि किसी का पसंदीदा यूजरनेम उपलब्ध नहीं होगा तो इसकी कई वजहें हो सकती हैं। हो सकता है कि वही नाम पहले से Facebook या Instagram पर सुरक्षित हो या फिर वह किसी प्रसिद्ध व्यक्ति, सरकारी संस्था अथवा Meta Verified अकाउंट के लिए आरक्षित रखा गया हो। ऐसे मामलों में सिस्टम वैकल्पिक यूजरनेम सुझाएगा।

ऑनलाइन ठगी और फर्जी पहचान की आशंकाओं पर Meta ने कहा कि यूजरनेम फीचर के साथ कई सुरक्षा उपाय जोड़े जा रहे हैं। किसी नए व्यक्ति से पहली बार संपर्क होने पर अतिरिक्त जानकारी और चेतावनी दिखाई जाएगी। साथ ही, संदिग्ध गतिविधियों पर रिपोर्ट और ब्लॉक सिस्टम के जरिए लगातार निगरानी रखी जाएगी ताकि साइबर अपराधियों पर कार्रवाई की जा सके।

Meta ने यह भी स्पष्ट किया कि केवल किसी का यूजरनेम जान लेने से कोई भी व्यक्ति उसे आसानी से खोजकर संदेश नहीं भेज सकेगा। इसके लिए Username Key नाम का एक अतिरिक्त सुरक्षा विकल्प भी उपलब्ध होगा। यह फीचर सक्रिय होने पर किसी से संपर्क करने के लिए यूजरनेम के साथ सुरक्षा Key भी आवश्यक होगी, जिसे यूजर कभी भी बदल सकेगा।

यदि कोई व्यक्ति Facebook और Instagram वाला वही यूजरनेम WhatsApp पर भी इस्तेमाल करना चाहता है, तो उसे अपने Meta अकाउंट्स को लिंक करना होगा। इससे यह सुनिश्चित होगा कि संबंधित यूजरनेम केवल वास्तविक मालिक को ही मिले। हालांकि, अलग और नया यूजरनेम चुनने का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा।

कंपनी ने यह भी पुष्टि की है कि लॉन्च के बाद यूजर्स अपनी सुविधा के अनुसार यूजरनेम बदल सकेंगे, बशर्ते नया नाम उपलब्ध हो।

Meta ने सोशल मीडिया पर वायरल उन दावों को भी गलत बताया है, जिनमें कहा जा रहा था कि कोई भी व्यक्ति पहले से लोकप्रिय नाम रिजर्व कर सकता है।

कंपनी का कहना है कि प्रसिद्ध नाम केवल उनके असली और सत्यापित मालिकों के लिए ही सुरक्षित रखे जाएंगे।

फिलहाल फीचर का परीक्षण जारी है और यूजर्स की प्रतिक्रिया के आधार पर इसे वर्ष के अंत तक चरणबद्ध तरीके से लॉन्च करने की तैयारी की जा रही है।