Monday, July 6, 2026
Home Breaking बदमाशों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 90 संदिग्ध हिरासत में; 12 भेजे...

बदमाशों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 90 संदिग्ध हिरासत में; 12 भेजे गए जेल

8

The Duniyadari: बिलासपुर– शहर में बढ़ते अपराध, चाकूबाजी और असामाजिक गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए बिलासपुर पुलिस ने रविवार सुबह सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ व्यापक अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में संदिग्ध और आदतन अपराधियों के ठिकानों पर दबिश देकर उनकी गतिविधियों की जांच की गई।

अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 90 संदिग्ध और निगरानी बदमाशों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सत्यापन और जांच के बाद 76 लोगों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल ने बताया कि 12 आदतन अपराधियों को बीएनएसएस की धारा 170 के तहत न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इसके अलावा अभियान के दौरान दो लोगों के पास से अवैध धारदार हथियार बरामद किए गए। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग मामले दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है।

पुलिस की टीमों ने शहर के विभिन्न इलाकों में चाकूबाजी और अन्य आपराधिक मामलों में शामिल रहे बदमाशों के घरों पर भी दबिश दी। इस दौरान उनकी वर्तमान गतिविधियों और आपराधिक रिकॉर्ड का सत्यापन किया गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों में पुलिस का भय कायम रखने के उद्देश्य से इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे। ऐसे तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी जो शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करेंगे।