Wednesday, July 8, 2026
Home Breaking उफनते नाले में बहे ग्रामीण का 48 घंटे बाद मिला शव, एसडीआरएफ...

उफनते नाले में बहे ग्रामीण का 48 घंटे बाद मिला शव, एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू

12

The Duniyadari: कोरबा- कटघोरा क्षेत्र के डिंडोलभाठा गांव में मछली पकड़ने के दौरान तेज बहाव में लापता हुए ग्रामीण का शव करीब 48 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने लगातार खोजबीन के बाद शव को नाले से बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार, 52 वर्षीय बंधु लोहार सोमवार को गांव के पास स्थित नाले में मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान अचानक पानी का स्तर बढ़ गया और तेज बहाव की चपेट में आने से वे बह गए। घटना के बाद वे घर नहीं लौटे तो परिजनों ने रातभर उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

अगली सुबह मामले की सूचना पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन नाले में तेज बहाव के कारण राहत एवं बचाव कार्य में कठिनाई आई। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाकर व्यापक सर्च अभियान शुरू किया गया।

मंगलवार को पूरे दिन तलाश जारी रही, लेकिन अंधेरा होने और पानी का बहाव अधिक होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। बुधवार को दोबारा शुरू किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान टीम को सफलता मिली और ग्रामीण का शव बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन ने लोगों से बारिश के मौसम में उफनते नदी-नालों के आसपास जाने और जोखिम उठाने से बचने की अपील की है।