The Duniyadari: सूरजपुर- जिले के एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय से सामने आए वीडियो ने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि स्कूल के प्रधानपाठक ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में विद्यालय पहुंचे और उनकी हरकतों से स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में भी हलचल तेज हो गई है।
जानकारी के मुताबिक मामला रामानुजनगर विकासखंड के ग्राम शाल्ही स्थित खोरखोरीपारा प्राथमिक स्कूल का है। यहां पदस्थ प्रधानपाठक हरिनंदन सिंह कथित रूप से नशे की हालत में स्कूल पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उनकी स्थिति ऐसी थी कि वे ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में प्रधानपाठक जमीन पर पड़े दिखाई दे रहे हैं और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते भी नजर आ रहे हैं। घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने शिक्षकों के आचरण पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल शिक्षा विभाग ने मामले की जानकारी मिलने के बाद पूरे घटनाक्रम की जांच की बात कही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित प्रधानपाठक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, वायरल वीडियो की भी सत्यता की पड़ताल की जा रही है।















