The Duniyadari: अंबिकापुर– प्राकृतिक खूबसूरती और शांत वातावरण के लिए प्रसिद्ध मैनपाट में इन दिनों तेज रफ्तार और मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बाइकों का शोर पर्यटकों के लिए परेशानी का कारण बनता जा रहा है। छुट्टियां बिताने और सुकून के पल तलाशने पहुंच रहे लोगों को तेज आवाज में दौड़ती बाइकों के कारण असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
पर्यटकों का कहना है कि कुछ बाइक सवार जानबूझकर तेज आवाज वाले साइलेंसर का इस्तेमाल कर पूरे क्षेत्र में घूमते हैं, जिससे मैनपाट का प्राकृतिक और शांत माहौल प्रभावित हो रहा है। खासकर परिवार और बुजुर्ग पर्यटक इस स्थिति से खुद को असहज महसूस कर रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने भी इस बढ़ती समस्या पर चिंता जताते हुए प्रशासन और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि पर्यटन स्थल की गरिमा बनाए रखने के लिए मॉडिफाइड साइलेंसर और तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों पर नियमित अभियान चलाया जाना चाहिए।
लोगों का मानना है कि समय रहते प्रभावी कदम उठाए गए तो मैनपाट की शांति और प्राकृतिक पहचान को सुरक्षित रखा जा सकेगा, साथ ही पर्यटकों को भी बेहतर और सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा।















