The Duniyadari: Raipur – राज्य सरकार ने गुरुवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के दायित्वों में महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए नई पदस्थापनाओं के आदेश जारी किए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत पांच अधिकारियों के प्रभार में परिवर्तन किया गया है, जिसमें गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले के कलेक्टर का भी तबादला शामिल है।
आदेश के मुताबिक, संतोष कुमार देवांगन को कलेक्टर पद से हटाकर मंत्रालय में स्कूल शिक्षा विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, तकनीकी शिक्षा विभाग के संचालक विजय दयाराम के. को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
प्रशासनिक फेरबदल के तहत IAS अधिकारी हेमंत रमेश नंदनवार को महासमुंद जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पद से स्थानांतरित कर तकनीकी शिक्षा, रोजगार एवं प्रशिक्षण विभाग का संचालक बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
वहीं, दुर्ग नगर निगम के आयुक्त सुमित अग्रवाल को अब छत्तीसगढ़ राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) का मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है। इस नियुक्ति के साथ रिमिजियस एक्का को इस अतिरिक्त जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है।
इसके अलावा, सरायपाली की एसडीएम अनुपमा आनंद को पदोन्नति देते हुए जिला पंचायत महासमुंद का मुख्य कार्यपालन अधिकारी नियुक्त किया गया है। सरकार का कहना है कि इन बदलावों का उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाना है।















