The Duniyadari: KORBA – जिले के करतला वन परिक्षेत्र में गुरुवार सुबह जंगली हाथी के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई। यह हादसा ग्राम पंचायत पीडिया के तुर्रीकटरा जंगल में उस समय हुआ, जब ग्रामीण बारिश के मौसम में मिलने वाले जंगली मशरूम (पुटु) की तलाश में जंगल गया था। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीडिया निवासी जहाज सिंह राठिया (लगभग 55 वर्ष) सुबह जंगल में पुटु संग्रह करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनका सामना एक विचरण कर रहे जंगली हाथी से हो गया। हाथी ने अचानक हमला कर दिया, जिससे ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंची। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई पूरी की तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के कारणों की जांच के साथ विभागीय प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
वन अधिकारियों ने बताया कि बरसात के मौसम में ग्रामीण बड़ी संख्या में पुटु और अन्य वनोपज एकत्र करने जंगलों में जाते हैं। इसी अवधि में हाथियों की गतिविधियां भी बढ़ जाती हैं, जिससे मानव और वन्यजीव के बीच संघर्ष की आशंका अधिक रहती है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर जंगल में प्रवेश न करें, समूह में ही जंगल जाएं और किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तुरंत वन अमले को दें। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने प्रभावित परिवार को शीघ्र मुआवजा देने और हाथियों की निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है।















