Thursday, July 9, 2026
Home Breaking सांप और गोह का शिकार कर वीडियो बनाया, 6 आरोपी गिरफ्तार, भेजे...

सांप और गोह का शिकार कर वीडियो बनाया, 6 आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

3

The Duniyadari: Dhamtari- आरक्षित वन क्षेत्र में संरक्षित वन्यजीवों के शिकार का मामला सामने आने के बाद वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि आरोपियों ने धामन सांप और गोह का शिकार करने के बाद उनका मांस पकाकर खाया और पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके वायरल होते ही विभाग सक्रिय हो गया।

वन विभाग के अनुसार, घटना 4 जुलाई की है। बिरगुड़ी परिक्षेत्र के खैरभर्ती बीट स्थित आरक्षित वन में तीन धामन सांप और एक गोह का अवैध शिकार किया गया। इसके बाद वन्यजीवों को कांकेर जिले के ग्राम भनसुली ले जाकर उनके टुकड़े किए गए और मांस पकाकर खाया गया। इस दौरान बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले का खुलासा हुआ।

डीएफओ के निर्देश पर धमतरी और कांकेर वनमंडल के अधिकारियों के साथ एंटी पोचिंग टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर ग्राम भनसुली में दबिश दी। पूछताछ और जांच के बाद छह आरोपियों को हिरासत में लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को 14 दिनों की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। वन विभाग ने बताया कि वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वन्यजीवों के शिकार या इससे जुड़ी किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल विभाग को दें। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।