Saturday, July 11, 2026
Home Breaking जमीन और पानी निकासी विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो परिवारों में...

जमीन और पानी निकासी विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो परिवारों में खूनी संघर्ष

13

The Duniyadari: Bilaspur-  कोनी थाना क्षेत्र के सेमरताल भदोरिया खार बरपाली गांव में पुरानी रंजिश और पानी निकासी के विवाद ने बुधवार को उग्र रूप ले लिया। दो पड़ोसी परिवारों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते लाठी-डंडों से हिंसक झड़प में बदल गई। घटना में महिलाओं समेत एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, जिनका अस्पताल में उपचार जारी है।

बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन और रास्ते को लेकर विवाद चला आ रहा था। इस बीच पानी निकासी के रास्ते पर मिट्टी डालने की बात को लेकर तनाव बढ़ गया। विरोध करने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई।

पहले पक्ष का आरोप है कि पड़ोसियों ने घर में घुसकर गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला किया, जबकि दूसरे पक्ष ने भी पलटवार करते हुए विरोधी परिवार पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। दोनों ओर से कई लोगों को चोटें आई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही कोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर काउंटर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और गवाहों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी विवाद का समाधान कानून के दायरे में रहकर किया जाए। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।