Friday, July 10, 2026
Home Breaking भिलाई स्टील प्लांट में बड़ा हादसा, 50 फीट नीचे गिरा ओवर ब्रिज...

भिलाई स्टील प्लांट में बड़ा हादसा, 50 फीट नीचे गिरा ओवर ब्रिज क्रेन का केबिन, ऑपरेटर गंभीर

3

The Duniyadari: Durg जिले के भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) में शुक्रवार सुबह एक गंभीर औद्योगिक हादसा हो गया। ब्लास्ट फर्नेस के रॉ मैटेरियल सेक्शन में कार्यरत ओवर ब्रिज क्रेन क्रमांक-4 का केबिन अचानक टूटकर करीब 50 फीट नीचे गिर गया। हादसे के समय केबिन में मौजूद ठेका कर्मचारी और क्रेन ऑपरेटर रविंद्र चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, गिरते समय केबिन बीच में स्टील की बीम से टकरा गया, जिससे उसकी रफ्तार कुछ कम हुई और संभावित बड़ा हादसा टल गया। इसके बावजूद ऑपरेटर को गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं।

घटना के तुरंत बाद बीएसपी के कर्मचारियों ने घायल ऑपरेटर को प्राथमिक उपचार के लिए मेडिकल पोस्ट पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर उन्हें सेक्टर-9 अस्पताल रेफर किया गया, जहां आईसीयू में भर्ती कर इलाज जारी है।

हादसे की सूचना मिलते ही संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस ओवर ब्रिज क्रेन का केबिन गिरा, उसका कुछ दिन पहले ही सुरक्षा निरीक्षण किया गया था और उसे संचालन के लिए सुरक्षित घोषित किया गया था। अब हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।