The Duniyadari: जगदलपुर- बस्तर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल चित्रकोट में सोशल मीडिया रील बनाने की सनक एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है। एक महिला ने सुरक्षा नियमों की अनदेखी करते हुए सर्किट हाउस की छत पर चढ़कर वीडियो शूट किया और उसे सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद सरकारी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, महिला ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर सर्किट हाउस की छत से बनाए गए कई वीडियो अपलोड किए हैं। एक वीडियो में वह छत पर डांस करती दिखाई दे रही है, जबकि दूसरे वीडियो में उसके साथ कुछ अन्य लोग भी मौजूद नजर आ रहे हैं।
चित्रकोट का सर्किट हाउस प्रशासनिक दृष्टि से संवेदनशील परिसर माना जाता है, जहां अधिकारियों और वीआईपी मेहमानों का लगातार आना-जाना रहता है। ऐसे स्थान पर किसी व्यक्ति का छत तक पहुंच जाना सुरक्षा व्यवस्था में संभावित चूक की ओर इशारा करता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि वीडियो बनाते समय कोई हादसा हो जाता, तो गंभीर स्थिति पैदा हो सकती थी। सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने की होड़ में जोखिम भरे स्थानों पर रील बनाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिन्हें लेकर प्रशासन पहले भी लोगों से सतर्क रहने की अपील करता रहा है।
फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर चर्चा तेज है। मामले में संबंधित विभाग और प्रशासन की ओर से आवश्यक जांच और आगे की कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।















