The Duniyadari: सरगुजा- बतौली के मुख्य बाजार में मोबाइल दुकान से दिनदहाड़े फोन चोरी होने का मामला सामने आया है। ग्राहक बनकर पहुंचे एक युवक ने दुकान के कर्मचारी को बातचीत में उलझाया और मौका मिलते ही काउंटर पर रखा करीब 23 हजार रुपये कीमत का मोबाइल लेकर फरार हो गया। चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
जानकारी के अनुसार, सीतापुर के प्रतापगढ़ निवासी राजन अग्रवाल बतौली में मां अंबे मोबाइल एंड रिपेयरिंग दुकान संचालित करते हैं। घटना के समय दुकान संचालक रिपेयरिंग के काम में व्यस्त थे। इसी दौरान एक युवक ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुआ और वहां मौजूद हेल्पर का ध्यान दूसरी ओर कर दिया।
इसी बीच आरोपी ने काउंटर पर रखा मोबाइल उठाया और बिना किसी को भनक लगे दुकान से बाहर निकल गया। कुछ देर बाद मोबाइल गायब होने का पता चला, जिसके बाद दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। फुटेज में संदिग्ध युवक की गतिविधियां कैद मिली हैं।
दुकान संचालक ने घटना की सूचना बतौली थाना पुलिस को दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान व तलाश की जा रही है।
घटना के बाद बाजार के व्यापारियों में नाराजगी है। स्थानीय कारोबारियों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी चोरी की घटनाएं सामने आती रही हैं। व्यापारियों ने बाजार में पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।














