The Duniyadari: Raipur- Social media पर फर्जी पहचान बनाकर लोगों से पैसे मांगने का एक नया मामला सामने आया है। इस बार साइबर ठगों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रमुख सचिव और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सुबोध सिंह के नाम और पहचान का कथित तौर पर गलत इस्तेमाल किया।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने फेसबुक पर सुबोध सिंह के नाम से एक फर्जी प्रोफाइल तैयार की। प्रोफाइल बनाने के कुछ ही समय में उसने करीब 58 लोगों को जोड़ लिया। इसके बाद इस फर्जी अकाउंट के जरिए परिचितों से संपर्क कर आर्थिक मदद के नाम पर पैसे मांगने का प्रयास किया गया।
जब इस गतिविधि की जानकारी सुबोध सिंह को मिली, तो उन्होंने तत्काल पुलिस को मामले से अवगत कराया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। साइबर टीम फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाने वाले व्यक्ति की पहचान करने के लिए तकनीकी साक्ष्यों और डिजिटल गतिविधियों की जांच कर रही है।
पुलिस इस बात का भी पता लगा रही है कि आरोपी ने किन-किन लोगों से संपर्क किया और क्या किसी व्यक्ति से पैसे की ठगी की गई है। मामले में फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल के पीछे सक्रिय व्यक्ति और संभावित नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी परिचित या अधिकारी के नाम से पैसे की मांग आने पर बिना पुष्टि के रकम ट्रांसफर न करें। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्ति से सीधे संपर्क कर सत्यापन करें और संदिग्ध अकाउंट की सूचना तुरंत पुलिस या साइबर सेल को दें।















