The Duniyadari: Raipur– राजधानी के जयस्तंभ चौक स्थित एक ज्वेलरी शोरूम से लाखों रुपये के सोने के कंगन गायब होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शोरूम के एक पूर्व कर्मचारी ने स्टॉक में हेराफेरी छिपाने के लिए असली गहनों की जगह नकली कंगन रख दिए। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, नियमित स्टॉक जांच के दौरान कंगन काउंटर से तीन सेट, यानी पांच नग 22 कैरेट सोने के कंगन गायब पाए गए। जांच में उनकी जगह नकली कंगन रखे मिले। गायब हुए गहनों का कुल वजन करीब 103.832 ग्राम बताया जा रहा है, जिसकी कीमत लगभग 17.50 लाख रुपये आंकी गई है।
शोरूम प्रबंधन की ओर से की गई आंतरिक जांच में पूर्व सेल्स स्टाफ मनोज यादव की भूमिका संदिग्ध पाई गई। बताया जा रहा है कि संबंधित काउंटर की जिम्मेदारी उसी के पास थी और वह बिना औपचारिक हैंडओवर दिए नौकरी छोड़कर चला गया था।
सीसीटीवी फुटेज, स्टॉक रजिस्टर और अन्य दस्तावेजों की जांच के बाद शोरूम प्रबंधन ने गोलबाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।














